रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: चक्रधरपुर स्थित आरपीएस (RPS) कॉलेज परिसर में शनिवार को 'कोल्हान नितिर तुरतुंग' (KNT) के तत्वावधान में एक दिवसीय 'युवा संवाद सह सम्मान समारोह' का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक माझीराम जामुदा ने की. इस समारोह का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं का करियर मार्गदर्शन करना और सीआरपीएफ (CRPF) कमांडेंट आनंद जेराई के दिल्ली स्थानांतरण (ट्रांसफर) पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देना था.
करियर निर्माण और सफलता के दिए गए टिप्स
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर निर्माण और व्यक्तित्व विकास को लेकर दिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए.
शारीरिक प्रशिक्षण और दस्तावेज हैं महत्वपूर्ण
संस्था के शारीरिक प्रशिक्षक दया सागर केराई ने युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग के महत्व के बारे में बताया. साथ ही उन्होंने सेना व पुलिस बहाली के लिए जरूरी जाति एवं आवासीय प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी.आरपीएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य शिव पूजन ने कहा कि इतिहास के प्रेरक उदाहरणों के जरिए विद्यार्थियों को जीवन में कभी हार न मानने और निरंतर संघर्ष करने का संदेश दिया. संस्था के कोषाध्यक्ष जय सिंह कुंटिया ने समय प्रबंधन (Time Management) और प्रतियोगी परीक्षाओं की सटीक तैयारी के लिए उपयोगी टिप्स साझा किए. रबिन्द्र गिलुवा ने 'संवाद फेलोशिप' के बारे में बताया, वहीं कुचाई संयोजक राम चंद्र सोय ने अपनी पुस्तक का परिचय देते हुए युवाओं से लक्ष्य प्राप्ति तक लगातार प्रयास करने का आह्वान किया.
कमांडेंट आनंद जेराई को भावभीनी विदाई
समारोह के मुख्य आकर्षण रहे सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई, जिन्हें दिल्ली ट्रांसफर होने पर संस्था द्वारा सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई. वक्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि चक्रधरपुर में 'कोल्हान नितिर तुरतुंग' की शाखा स्थापित करने और युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग, करियर काउंसलिंग व मेडिकल टेस्ट की तैयारी कराने में जेराई की भूमिका ऐतिहासिक रही है. रांची ट्रांसफर होने के बाद भी वह लगातार युवाओं का मार्गदर्शन करते रहे. संरक्षक ज्ञान सिंह दोराईबुरु ने भी संस्था की यात्रा में आनंद जेराई के योगदान को रेखांकित किया.
कमांडेंट का युवाओं को दिये जोश
कमांडेंट आनंद जेराई ने कहा कि अपने जीवन के संघर्षों को साझा किया. उन्होंने युवाओं से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. अगर जीवन में आगे बढ़ना है तो अनुशासन, कड़ी मेहनत और शारीरिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है.
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के संयुक्त सचिव हेमंत सामड और राम बोदरा ने मुख्य भूमिका निभाई. इस अवसर पर उपाध्यक्ष विश्वजीत दोराईबुरु, शिक्षक गौतम गागराई, जीतू बोदरा, सिनी गागराई, दीपक पुरती, गुरुवारी सामड, त्रिवेणी बिरुवा, मतान्तर सोय, सिकंदर गागराई सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और संस्था के सदस्य मौजूद थे.