न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: चाईबासा से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मुफस्सिल थान क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित आनंद मार्ग स्कूल गली में एक युवती पर जानलेवा हमला किया गया. घटना उस समय हुई जब युवती ट्यूशन पढ़ाकर अपने लौट रही थी. इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर एक अज्ञात हमलावर ने पीछे से उसपर हमला बोल दिया.
घायल युवती की पहचान शिल्पी मोदक के रूप में हुई है, जो न्यू कॉलोनी नीमडीह की रहने वाली हैं. जानकारी के मुताबिक, हमलावर पहले से घात लगाए बैठा था और मौका मिलते ही उसने युवती पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया. हमले में युवती की पीठ और हाथ पर करीब 12 बार वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवती को मृत समझकर मौके से फरार हो गया. कुछ देर बाद जब राहगीरों की नजर खून से लथपथ युवती पर पड़ी, तो उन्होंने बिना देर किए उसे उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया.
सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने युवती की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया. फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई हैं. परिजनों के अनुसार, शिल्पी एक बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उसके पिता अनिल चंद्र मोदक टोटो चालक है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हैं. शिल्पी घर की बड़ी बेटी है और ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का सहारा बनती थी. इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में हैं. फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है और न ही हमले के पीछे की वजह साफ हो सकी हैं. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही हैं.
यह भी पढ़े: खलारी में सुबह-सुबह फायरिंग से दहशत, घर पर बरसाईं गोलियां.. आरोपी फरार