न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट आई हैं. राज्य के कई हिस्सों में सुबह-शाम सर्द हवाएं लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रही हैं. खासकर गुमला जिला बीते 15 दिनों से ठंड का केंद्र बना हुआ है, जहां लगातार सबसे कम तापमान दर्ज किया जा रहा हैं. पिछले 24 घंटों में गुमला का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
14 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, देवघर, साहिबगंज समेत 14 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया हैं. सुबह के समय दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से 4 से 6 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की और गिरावट आ सकती हैं. वहीं कुछ इलाकों में पारा 3 से 4 डिग्री तक पहुंचने की संभावना हैं. हालांकि रांची और आसपास के इलाकों में सुबह हल्के कोहरे के बाद धूप निकल रही है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज होगा. झारखंड में सर्दी का यह दौर फिलहाल थमने वाला नहीं दिख रहा.
यह भी पढ़े: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नव वर्ष के अवसर पर किया रांची शहर का भ्रमण