न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली हैं. राजधानी रांची में दोपहर के समय तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश ने लोगों को चौंका दिया. तेज हवाओं की वजह से सड़कों पर चल रहे लोग और वाहन चालक सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आये, हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई लेकिन आसमान में लगातार वज्रपात ने लोगों की चिंता जरुर बढ़ा दी. इसी तरह का मौसम जमशेदपुर, लातेहार और खूंटी में भी देखने को मिला, जहां दिनभर रुक-रुक कर बूंदाबूंदी होती रही.
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. सबसे कम तापमान लातेहार में 13.9 डिग्री रहा, जबकि रांची में 17 डिग्री और अन्य जिलों में करीब 19 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री के आसपास या उससे नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को दिन में भी गर्मी का ज्यादा एहसास नहीं हो रहा हैं.
आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज भी पूरे झारखंड में अलर्ट जारी किया हैं. राज्य में तेज आंधी-तूफान, बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई हैं. खासकर रांची में बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी-खासी ओलावृष्टि दर्ज की गई है, जिसने हालात को और गंभीर बना दिया हैं.
आने वाले घंटों में और गिर सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की और गिरावट हो सकती हैं. देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और दुमका जैसे पूर्वी जिलों में तापमान 17-18 डिग्री के बीच रह सकता हैं. वहीं गुमला, पलामू, लोहरदगा, खूंटी और रांची में तापमान 15 डिग्री तक पहुंचने की संभावना हैं.
यह भी पढ़े: HIV से संक्रमित खून चढ़ाने वाले मामले को लेकर सामने आया झारखंड HC का आदेश, दोषी को मिलनी चाहिए सजा