राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत
चंदवा/डेस्क: प्रखंड के बुलहू गांव के ग्रामीणों ने बनहरदी कोल परियोजना की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन कॉलोनी (आर एंड आर) के निर्माण को लेकर अपनी जमीन नहीं देने की मांग की है. इस संबंध में ग्रामीणों ने उपायुक्त संदीप कुमार एवं जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के नाम आवेदन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है. जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान दिलेश्वर गंझू की अध्यक्षता में गांव में एक ग्राम सभा आयोजित की गई. बैठक में आर एंड आर कॉलोनी के लिए जमीन दिए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई. ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से जमीन नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया.
इसके बाद ग्राम सभा के निर्णय से संबंधित आवेदन उपायुक्त व जिला भूअर्जन पदाधिकारी के नाम सौंपा गया. ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास पहले से ही कृषि योग्य भूमि काफी कम है. ऐसे में यदि आर एंड आर कॉलोनी के निर्माण के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित कर ली जाती है तो उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा. ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जमीन चली जाने के बाद वे अपनी आने वाली पीढ़ियों का भरण-पोषण कैसे कर पाएंगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ग्राम सभा के निर्णय पर गंभीरता से विचार करने और उनकी जमीन को आर एंड आर कॉलोनी के लिए नहीं लेने की मांग की है. इस मांग को लेकर चंद्रदेव गंझू, सकिंदर गंझू, सुमन देवी, सविता देवी, मान किशोर गंझू, वीरेंद्र गंझू, रोशन गंझू समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे.