वन विभाग

अहिल्यापुर में श्मशान घाट जाने का रास्ता बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश

वन विभाग पर ट्रेंच काटकर पुश्तैनी रास्ता बाधित करने का आरोप, पूर्व जिप सदस्य ने की रास्ता बहाल करने की मांग

By : Ark Sahuliyar
अहिल्यापुर में श्मशान घाट जाने का रास्ता बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश

भरत मंडल/न्यूज़11 भारत 
गांडेय/डेस्क:
गांडेय प्रखंड के अहिल्यापुर दास टोला के ग्रामीणों के श्मशान घाट जाने वाले पुश्तैनी रास्ते को वन विभाग द्वारा ट्रेंच काटकर बंद कर दिए जाने से लोगों में आक्रोश है. रास्ता बाधित होने के कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए शव श्मशान घाट तक ले जाने में काफी परेशानी हो रही है.

ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक राजेश यादव ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से समस्या की जानकारी ली.

इस दौरान राजेश यादव ने कहा कि दास टोला के ग्रामीणों के लिए श्मशान घाट जाने का यह रास्ता कई पीढ़ियों से उपयोग में है. इसके बावजूद वन विभाग द्वारा ट्रेंच काटकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जो ग्रामीणों की जरूरतों और अधिकारों की अनदेखी है. उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व गांव के एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर शव को श्मशान घाट तक ले जाने में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था.

उन्होंने जिला प्रशासन एवं वन विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पूर्व के रास्ते को बहाल करने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि रास्ता बहाल नहीं होने पर ग्रामीण गोलबंद होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे. इसकी पूरी जवाबदेही प्रशासन एवं वन विभाग की होगी.

मौके पर पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मेहताब अली मिर्जा, श्यामलाल मोहली, धुरन दास, नरेश दास, मोहन दास, घनश्याम दास, अकलु दास, विक्की दास, गुड्डू दास, भुचर दास, चरका दास, कार्तिक दास, छतरु दास, दशरथ दास, बानु दास, लट्टू दास, जयदेव दास, भोला दास, देवान दास, लीलो दास, जागो हाजरा, गोपाल दास, सुरेश दास सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.