राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को लेकर जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार, 1 नवंबर 2026 को चंदवा थाना क्षेत्र में भारी वाहनों की जांच की गई.
उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल तथा चंदवा थाना प्रभारी मनोरंजन सिंह के नेतृत्व में भारी वाहनों की जांच की गई. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल छह भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 52,500 रुपये का ई-चालान किया गया.
जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया. उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने तथा सड़क पर सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने की हिदायत दी गई.
जिला प्रशासन का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है. प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: पलामू में जेटेट परीक्षा ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी का हथियार गायब, सोफे के नीचे से मिला, होगी विभागीय कार्रवाई - एसपी