राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: कामता-सेरक पथ स्थित कामता चौक के समीप विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए नए ट्रांसफार्मर से अज्ञात चोरों द्वारा क्वायल चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. चोरों द्वारा जिस ट्रांसफार्मर पर हाथ साफ करने का प्रयास किया गया है वह नया लगा है और अब तक उसमें विद्युत का प्रवाह नहीं किया गया है. जिसका फायदा उठाकर उक्त घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया.
घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई, जब स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास कल-पुर्जे, नट-बोल्ट बिखरे हुए और तेल जमीन पर गिरा हुआ देखा. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना विभाग को दी. सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की. जांच के दौरान पाया गया कि ट्रांसफार्मर के नट-बोल्ट खोल दिए गए थे. हालांकि चोर क्वायल निकालने में सफल नहीं हो सके.
कयास लगाया जा रहा है कि रविवार देर रात चोरी का प्रयास किया गया होगा. ट्रांसफार्मर चौक के समीप सड़क किनारे स्थित है, जहां वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है. संभवतः इसी कारण चोर अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए. विदित हो कि इन दिनों चंदवा क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. सुनसान घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहनों को चोर निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने तथा ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस पहल करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में बड़ी चोरी से सनसनी: 1 लाख नकद, 50 ग्राम सोना व 500 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी, दो अन्य घरों में भी प्रयास