संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत रामगढ़ और चैनपुर प्रखंड में लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6 ग्रामीण सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया. इन सड़कों के निर्माण से जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को बाजार, स्वास्थ्य केंद्र तथा शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में आसानी होगी.
इन प्रमुख परियोजनाओं में रामगढ़ प्रखंड के तहत बहेड़ाखाड़ से बेनीडीह, चैनपुर-बरवाडीह रोड से मंगरा, कुंडपानी से सरहुआ, महुअत मुरिया से खैराही, नावा बियादोहर से महुअत मुरिया और चैनपुर प्रखंड के मेन रोड सलतुआ से कटिंग कोरवा टोला तक की सड़कें शामिल हैं.
इस अवसर पर सांसद श्री राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि प्रगति का आधार हैं. इस कार्यक्रम में भाजपा नेता प्रमोद सिंह, विजय ओझा, भीष्म चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा के DC आलोक कुमार की दीपावली पर्व पर जिलेवासियों से स्वदेशी अपनाने और मिट्टी के दीयों को बढ़ावा देने की अपील