आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा नालसा डॉन योजना-2025 के तहत सोमवार को नशा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर से नशा जागरूकता रैली निकाली गई,जिसका नेतृत्व प्राधिकार अध्यक्ष-सह-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने किया. रैली में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, पारा लीगल वोलेंटियरों, न्यायालय कर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.
रैली न्यायालय परिसर से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करती रही. इस दौरान से यस टू लाइफ,नो टू ड्रग्स, नशा छोड़ो,जीवन जोड़ों और बाल विवाह नहीं,सुरक्षित भविष्य सही जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा. इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्राधिकार अध्यक्ष सह पीडीजे राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि झालसा एवं नालसा के निर्देश पर डालसा द्वारा डॉन योजना लागू की गई है,जिसका मुख्य उद्देश्य नशा सेवन,नशीले पदार्थों की तस्करी तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता और सख्त कानूनी कार्रवाई है. उन्होंने कहा कि सिमडेगा जिले को नशा मुक्त और बाल विवाह मुक्त जिला बनाना प्रशासन और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है.
प्रधान जिला जज ने बताया कि सिमडेगा जिला उड़ीसा से बिहार एवं उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है,जिसके कारण यहां से होकर नशीले पदार्थों की तस्करी होती है. उन्होंने कहा कि अब तक प्रायः केवल छोटे पैडलर पकड़े जाते हैं,जबकि मुख्य तस्कर और पूरा नेटवर्क बच निकलता है. डॉन योजना के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जहां से नशीले पदार्थ लाए जा रहे हैं और जहां उनकी आपूर्ति हो रही है,उन स्थानों की पहचान कर मुख्य कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ बैठक कर ठोस रणनीति बनाई गई है.
प्राधिकार सचिव मरियम हेमरोम ने जानकारी दी कि यह जागरूकता अभियान 12 जनवरी तक लगातार जारी रहेगा. इस दौरान जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों,शैक्षणिक संस्थानों तथा लीगल लिट्रेसी क्लबों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे और बाल विवाह के कानूनी दुष्परिणामों,पीड़ितों के अधिकारों तथा उपलब्ध कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें,बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं का विरोध करें और नशा मुक्त,बाल विवाह मुक्त एवं सुरक्षित सिमडेगा के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं.
मौके पर एडीजे नरंजन सिंह,सीजेएम निताशा बारला,न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुभाष बाड़ा,चीफ एलएडीसीएस प्रभात कुमार श्रीवास्तव,असिस्टेंट एलएडीसीएस सुकोमल,बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामप्रीत प्रसाद,सचिव प्रद्युम्न सिंह,बसंत कुमार,संजय महतो,भूषण सिंह आदि शामिल थे.
यह भी पढ़ें: लायंस क्लब बोकारो थर्मल शाखा का 36वां स्थापना सह चार्टर नाइट समारोह ऑफिसर्स क्लब में संपन्न