चंचल गिरी/ न्यूज 11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: जनजातीय पखवाड़ा के तहत जामताड़ा जिले में 2 से 7 नवंबर 2026 तक विशेष आधार नामांकन एवं आधार सीडिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा. उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिले के 16 केंद्रों में शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों का संचालन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा.
शिविर का मुख्य उद्देश्य जनजातीय वर्ग सहित अन्य वर्गों के पात्र छात्र-छात्राओं का आधार नामांकन एवं आधार सीडिंग सुनिश्चित करना है. ताकि आधार संबंधी समस्याओं के कारण कोई भी विद्यार्थी प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक और टॉप क्लास छात्रवृत्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.
जिले में इसके लिए सभी छह प्रखंड विकास कार्यालयों, छह प्रखंड संसाधन केंद्रों, जामताड़ा नगर पंचायत, मिहिजाम नगर परिषद तथा मुख्य डाकघर सर्खेलडीह सहित करमाटांड़ और मिहिजाम के उप डाकघरों में शिविर आयोजित किए जाएंगे.
शिविरों के सफल संचालन और नियमित निगरानी के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविर स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. वहीं शिक्षा विभाग को आधार से वंचित छात्र-छात्राओं की पहचान कर उन्हें शिविर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है.
उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे 2 से 7 नवंबर के बीच अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर आधार नामांकन एवं सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो.
यह भी पढ़ें: गढ़वा जिले में झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से हुई सम्पन्न, जिले के 26 केन्द्रों पर परीक्षा संचालित