विकास कुमार/न्यूज़ 11भारत
हुसैनाबाद/डेस्क:- ऑपरेशन सतर्क के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जपला ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 14 दिसंबर 2025 को निरीक्षक प्रभारी जपला के निर्देशन में आरपीएफ अधिकारी एवं जवानों द्वारा संघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान एसीपी रोकथाम, अवैध वेंडरों की धरपकड़, ज्वलनशील पदार्थों की जांच, आपराधिक गतिविधियों की निगरानी एवं अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से किया जा रहा था। जांच के दौरान ऊंटारी रोड स्टेशन से ट्रेन संख्या 13347 अप पलामू एक्सप्रेस से जपला लौटते समय, ऊंटारी रोड–मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन के बीच रात्रि लगभग 00:22 बजे, शयनयान कोच संख्या S-7 में सीट के नीचे एवं ऊपरी बर्थ पर रखी 12 जूट की बोरियां लावारिस एवं संदिग्ध अवस्था में पाई गईं। ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी यात्री ने उक्त बोरियों पर अपना स्वामित्व नहीं बताया और न ही कोई संदिग्ध व्यक्ति पाया गया। इसके पश्चात मार्ग रक्षण दल की उपस्थिति में उक्त बोरियों को आरपीएफ द्वारा कब्जे में लिया गया। ट्रेन के जपला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 03 पर रात्रि लगभग 00:51 बजे, पोल संख्या 366/2-4 के पास बोरियों को उतारकर गवाहों की मौजूदगी में टॉवर लाइट एवं टॉर्च की रोशनी में जांच की गई। जांच के दौरान बोरियों से छबिली मसालेदार देशी शराब की कुल 960 बोतलें बरामद की गईं। प्रत्येक बोतल 200 मिलीलीटर की थी। इस प्रकार कुल 192 लीटर शराब पाई गई। प्रत्येक बोतल पर “For Sale in Jharkhand Only” अंकित था। बरामद शराब का बाजार मूल्य प्रति बोतल 45 रुपये आंका गया, जिससे कुल अनुमानित मूल्य 43,200 रुपये हुआ। मौके पर मौजूद यात्रियों से स्वतंत्र गवाह बनने का अनुरोध किया गया, लेकिन किसी ने भी सहमति नहीं दी। रात्रि मे ही आरपीएफ द्वारा जब्ती नियमों का पालन करते हुए स.उ.नि. दिनेश प्रसाद, रेसुब पोस्ट जपला के माध्यम से जब्ती रिपोर्ट तैयार की गई। जब्त की गई अवैध शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु उत्पाद अधीक्षक कार्यालय, डाल्टनगंज, पलामू (झारखंड) को सुपुर्द कर दिया गया।