न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे सतर्कता अभियान के दौरान चितरंजन रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस ने एक ट्रेन से करीब 40 लाख रुपये की लावारिस नकदी बरामद की है. बरामद रकम को फिलहाल सुरक्षित रखकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 29 मई की दोपहर की गई, जब गाड़ी संख्या 13019 बाघ एक्सप्रेस चितरंजन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची. इसी दौरान रेल पीपी चितरंजन को ट्रेन के भीतर संदिग्ध सामान रखे होने की गुप्त सूचना मिली. सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल ट्रेन के कोच संख्या B-3 में तलाशी अभियान चलाया.
बर्थ नंबर 6 पर मिले दो काले पैकेट
तलाशी के दौरान कोच की बर्थ संख्या 6 पर दो काले रंग के प्लास्टिक पैकेट लावारिस हालत में पड़े मिले. जब सुरक्षा कर्मियों ने संदेह के आधार पर दोनों पैकेट खोले, तो उनके भीतर बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई. शुरुआती जांच में यह रकम पूरी तरह असली पाई गई. गिनती के दौरान पैकेटों से 500 रुपये के कुल 7999 नोट मिले, जिनकी कुल कीमत 39 लाख 99 हजार रुपये आंकी गई है. इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में भी हलचल मच गई.
वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच हुई नोटों की गिनती
बरामद नकदी की गिनती बैंक अधिकारियों, रेलवे विभाग के प्रतिनिधियों और आरपीएफ कर्मियों की मौजूदगी में कराई गई. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि जांच में पारदर्शिता बनी रहे.मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है. फिलहाल राशि को सरकारी ट्रेजरी में जमा कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित औपचारिकताओं के बाद रकम को आयकर विभाग को सौंपा जाएगा.
यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक और क्लस्टर सिस्टम के विरोध में AISA का प्रदर्शन, अल्बर्ट एक्का चौक जाम