प्रेम कुमार/सिंह न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर भरनो थाना क्षेत्र के तूरीअम्बा मोड़ के पास मंगलवार की रात एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया.इस दुर्घटना में ऑटो में सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए,जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार जतरगड़ी निवासी करण महतो (13 वर्ष) एवं पीपरटोली निवासी सुशांत उरांव (12 वर्ष) समेत करीब आधा दर्जन लोग एक ऑटो में सवार होकर बेड़ों के बारीडीह जतरा से वापस भरनो की ओर लौट रहे थे.
इसी दौरान रात लगभग 9:30 बजे तूरीअम्बा मोड़ के समीप ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा,जिससे ऑटो सड़क किनारे पलट गया.दुर्घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना के सब इंस्पेक्टर मंटू चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर तत्काल पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया.
चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में करण महतो को गंभीर चोटें आई हैं.उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया.वहीं सुशांत उरांव का उपचार भरनो अस्पताल में ही किया गया,जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे छुट्टी दे दी गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार तूरीअम्बा मोड़ पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी बरतने और विशेष रूप से रात के समय नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है,ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: मनोहरपुर में भालू के हमले में घायल किशोर से मिले जनप्रतिनिधि, सहायता का दिया भरोसा