भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: महाराष्ट्र से साइकिल द्वारा 12 ज्योतिर्लिंगों की पावन यात्रा पर निकले दो धर्मयात्री गुरुवार की देर शाम गांडेय बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर पहुँचे. यहाँ पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने गर्मजोशी के साथ दोनों यात्रियों का स्वागत किया और उनके जज्बे की सराहना की.
11 नवंबर से शुरू हुई है यात्रा
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र निवासी संजय गिरि महाराज अपने एक सहयोगी के साथ बीते 11 नवंबर को साइकिल से इस कठिन यात्रा पर निकले थे. भक्ति और संकल्प के साथ वे एक-एक कर ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं. इसी क्रम में गुरुवार को वे गांडेय पहुँचे. उनके आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय युवकों ने मंदिर परिसर में उन्हें माला पहनाकर और उनका अभिनंदन कर स्वागत किया.
केवल केदारनाथ के दर्शन हैं शेष
धर्मयात्रियों ने बताया कि उनकी यह यात्रा अब अपने अंतिम चरण में है. उन्होंने अब तक देश के विभिन्न कोनों में स्थित 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन पूर्ण कर लिए हैं. अब उनके संकल्प की सिद्धि के लिए केवल बाबा केदारनाथ के दर्शन शेष रह गए हैं. रात्रि विश्राम गांडेय में करने के पश्चात, शुक्रवार की सुबह दोनों यात्री पुनः केदारनाथ की ओर अपनी यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे.
यह भी पढ़ें: पूर्व मुखिया,झारखंड आंदोलनकारी सह सीपीएम नेता बिजय कुमार महतो का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर