न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अजंता बॉटलर्स एंड ब्लेंडर्स प्राइवेट लिमिटेड से 1100 पेटी विदेशी शराब लदा एक ट्रक (JH01CA-8807) के लापता होने का मामला सामने आया है. ट्रक में करीब 1 करोड़ कीमत का शराब लदा था. 29 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे के बाद से चालक ट्रक लेकर लापता है. ट्रक में लोड शराब रांची से बोकारो स्थित JSBCL सरकारी गोदाम भेजना था.
छानबीन में सामने आया कि देर रात करीब 1 बजे ट्रक ओरमांझी टोल गेट से पार हुई थी. वहीं ट्रक चालक का आखिरी लोकेशन हजारीबाग में मिला है. इस मामले में तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. चालक और ट्रक की तलाश की जा रही है.
मिली जानकरी के अनुसार 29 अक्टूबर की रात रांची से बोकारो जाने के लिए करीब 11 बजे शराब की पेटियां ट्रक में लोड की गयी, लेकिन कुछ तकनीकी खराबी के कारण परमिट ऑनलाइन विभागीय पोर्टल से ससमय जेनेरेट नहीं हो पाया. इस दौरान ट्रक को साइड में खड़ा कर ड्राइवर को अगले आदेश तक रुकने को कहा गया.
इसके बाद अगले सुबह कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद गाड़ी को JSBCL बोकारो जाने के लिए करीब 4:45 बजे सूचना दी गयी. इसी दौरान बताया गया कि गाड़ी बाहर कहीं है ही नहीं. काफी छानबीन के बाद भी गाड़ी का कहीं कुछ पता नहीं चला. चालक का फ़ोन भी ऑफ पाया गया. चालक के परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनकी भी कोई बातचीत नहीं हुई है.

इसे भी पढ़ें: दिवाली से पहले महंगाई का बड़ा झटका! महंगा हुआ गैस सिलेंडर; जानिए नई कीमत