सौरभ कुमार गुप्ता/न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को लातेहार समाहरणालय सभागार में श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड की पहचान, आदिवासी समाज के अधिकारों तथा राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया. उनका संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा.
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा जनहित एवं विकास के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला भूमि अर्जन पदाधिकारी (डीएलओ), अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: JPSC और JSSC विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में JLKM का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन