न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: हजारीबाग चुरचू थाना क्षेत्र में कथित अवैध कोयला ढुलाई के दौरान रविवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला कारोबार और भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही के कारण यह हादसा हुआ है.जानकारी के अनुसार स्कूटी संख्या JH-02BM-9931 पर सवार आकाश हांसदा (28 वर्ष) एवं राजेंद्र वास्के (24 वर्ष) अपने घर की ओर जा रहे थे.
इसी दौरान कोयला लदे ट्रक संख्या BR02GA-9310 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन रोकने के बजाय लगभग 200 मीटर तक स्कूटी को घसीटते हुए आगे बढ़ गया, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में आकाश हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजेंद्र वास्के को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उस्कीभी मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने ट्रक को रोककर उसके सभी टायरों की हवा निकाल दी तथा शवों को सड़क पर रखकर मुआवजा एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.
देर रात तक सड़क जाम जारी रहा. सूचना मिलने पर चुरचू, अंगो, चरही एवं टाटीझरिया थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए ग्रामीण किसी भी आश्वासन को मानने को तैयार नहीं हुए.ग्रामीणों का आरोप है कि चुरचू एवं आंगो थाना क्षेत्र में कई स्थानों पर कथित अवैध कोयला डिपो संचालित हो रहे हैं, जहां आज भी कई टन कोयले का भंडारण किया गया है. लोगों का कहना है कि अवैध कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. हादसे ने दो परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है. मृतक आकाश हांसदा अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं. वहीं राजेंद्र वास्के भी अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था तथा उसके एक छोटा बच्चा है. दोनों युवकों की मौत के बाद उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक एवं आक्रोश का माहौल व्याप्त है
यह भी पढ़ें: JEE Advanced 2026 में दिल्ली का जलवा, IIT दिल्ली जोन के शुभम कुमार ऑल इंडिया टॉपर बने, आरोही देशपांडे महिला टॉपर