न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात मुरासु का असर झारखंड पर कम ही दिख रहा है, फिर भी मंगलवार के मौसम की बात करें तो आज झारखंड के कुछ जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है. आसमान में गरज-चमक और तेज हवाओं का भी असर दिखाई देगा. वैसे मौसम विभाग ने आज और कल के लिए कोई मौसमी चेतावनी जारी नहीं की है.
मौसम विभाग के अनुसार, रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज और गोड्डा में बादल छाए रहेंगे. इन जिलों के कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज के साथ आंधी का प्रभाव देखा जाएगा. मौसम विभाग ने आज के अधिकतम तापमान के बारे में बताया कि आज 28°C से 29°C और करीब 19°C से 20°C न्यूनतम तापमान रह सकता है.
4 नवंबर से मौसम में परिवर्तन दिखाई देने लगेगा. पिछले कुछ दिनों ने धूप में कमी के कारण जो परेशानी हो रही थी, उससे लोगों को अब राहत मिल जाएगी. वैसे भी यह दीपावली का समय है. दीपावली के ज्यादा दिन नहीं बचे होने के कारण लोग घरों की साफ-सफाई ठीक से कर पाएंगे. मगर मौसम में एक बदलाव जो आने वाले दिनों में दिखने वाला है, वह इस प्रकार होगा कि सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है और रात-सुबह में ठंड बढ़ने लगेगी.
यह भी पढ़ें: झारखंड हाई कोर्ट में छह डिजिटल सुविधाओं की शुरुआत, चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया सूर्यकांत ने किया उद्घाटन