प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत.
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड के बड़ा तुरिअम्बा गांव में पारंपरिक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक तीन दिवसीय मंडा पूजा का विधिवत समापन फुलखुन्दी और बिसु झूलन अनुष्ठान के साथ संपन्न हुआ.समापन के अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला.वहीं आज रात नागपुरी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.बीते रात आयोजित फुलखुन्दी अनुष्ठान इस मंडा पूजा का मुख्य आकर्षण रहा.इस दौरान धुवां सुवां के उपरांत सैकड़ों भोक्ताओं ने धधकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर अपनी अटूट आस्था और भक्ति का प्रदर्शन किया.इसके बाद सोमवार को बिसु झूलन अनुष्ठान संपन्न हुआ,जिसमें श्रद्धालुओं ने झूला झूलकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.मंडा पूजा के अवसर पर प्रखंड प्रमुख पारस नाथ उरांव एवं स्थानीय मुखिया विनीता एक्का भी शामिल हुए.उन्होंने श्रद्धालुओं को मंडा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तुरिअम्बा गांव में यह आयोजन परंपरा और संस्कृति की जीवंत मिसाल है.
उन्होंने कहा कि अंगारों पर नंगे पांव चलकर श्रद्धालु जिस तरह आस्था और विश्वास का परिचय देते हैं,वह समाज में भक्ति,शक्ति और एकता का संदेश देता है.ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों से लोगों के बीच आपसी विश्वास और सामूहिक एकजुटता और मजबूत होती है.पूजा के दौरान बड़ी संख्या में भोक्ता और श्रद्धालु शामिल हुए और महादेव एवं पार्वती की पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना किया.साथ ही झूलन अनुष्ठान में भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की.पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा.इस अवसर पर मंडा मेला का भी आयोजन किया गया,आज रात को रंगारंग नागपुरी प्रोग्राम का भी आयोजन किया जाएगा.
इस मंडा मेला को सफल बनाने में आचार्य लक्ष्मण दास गोस्वामी,पूर्व मुखिया मणि देवी,भरत दास गोस्वामी,शंकर लाल गोप, राजेंद्र गोप,अजय गोप,मंटू तिर्की,राजकुमार उरांव, जुगल उरांव,प्रेम रंजन गोप, धीरज कुजूर,महेला दास गोस्वामी,महाबीर दास गोस्वामी,हरि महतो,पन्नू लोहरा,विष्णु लोहरा सहित कई ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा.
यह भी पढ़ें: जल प्रबंधन में A ग्रेड, सरायकेला भारत में नंबर वन, केन्द्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट में हासिल की उपलब्धि