रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: आदिवासी विकास समिति धूमकुड़िया द्वारा चाईबासा के गोकुलधाम (सेन टोला) में शुक्रवार को छठे कोल्हान प्रमंडल क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला. कार्यक्रम का शुभारंभ मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद उन्होंने बाबा कार्तिक उरांव, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया.
उद्घाटन समारोह में विधायक जगत माझी ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करते हैं. उन्होंने बताया कि शिक्षा वह साधन है जो युवाओं को सफलता की ओर अग्रसर करता है. उन्होंने प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यार्थियों की भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया और आयोजन समिति को धन्यवाद दिया. विधायक ने यह भी कहा कि यह आयोजन लगातार छठे वर्ष सफलता के साथ आयोजित किया गया, जो समिति की प्रतिबद्धता का प्रमाण है.
समिति के सचिव डोमा मिंज ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समुदाय के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करना है. प्रतियोगिता में 26 टीमों ने भाग लिया, जिनमें चाईबासा, चक्रधरपुर, सरायकेला, खरसावां, सीनी, मनोहरपुर और जमशेदपुर जैसे विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी शामिल थे. हर टीम में लगभग 15 छात्र-छात्राएं थे. मिंज ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता को तीन भागों में विभाजित किया गया था, जिनमें चार चरणों के माध्यम से प्रतिभागियों का चयन किया गया.
क्विज प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा और सीखने की भावना स्पष्ट रूप से देखी जा रही थी. सभी प्रतिभागी उत्साह से भरे हुए थे और अपने ज्ञान को परखने का पूरा प्रयास कर रहे थे. प्रतियोगिता के अंतिम चरण में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
समापन समारोह में सूबे के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे. उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को उत्साहित किया और आयोजन समिति की सराहना की. मंत्री ने कहा, "यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आपके भविष्य के निर्माण का एक महत्वपूर्ण कदम है." उन्होंने आदिवासी विद्यार्थियों के लिए इस तरह के आयोजनों को एक अहम योगदान बताया और आयोजकों को लगातार छह वर्षों से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए बधाई दी.
प्रतियोगिता में साइलेंट वैली चाईबासा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, बान टोला चाईबासा को द्वितीय स्थान और के एन टी चाईबासा को तृतीय स्थान मिला. इस प्रतियोगिता में बेस्ट विद्यार्थी का पुरस्कार इंद्रदेव कच्छप (बान टोला, चाईबासा) को दिया गया.
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में संस्था के अध्यक्ष हरीश लकड़ा, सचिव डोमा मिंज, उपाध्यक्ष भगवान दास तिर्की के साथ-साथ अन्य समिति सदस्य जैसे गामा बरहा, धर्मा तिग्गा, संजय तिग्गा, संचू तिर्की, सुशील उरांव, वीरेंद्र तिर्की, शंकर टोप्पो, गंगा लकड़ा, रामेश्वर बोयपाई, रमेश लकड़ा, बबला रजक, अनु लकड़ा, कनकलता खलखो, कंचन लकड़ा, डॉक्टर विनीत कच्छप, बाली तिग्गा, आलोक तिर्की, पूनम खालको, शिल्पा तिग्गा और गौरव प्रकाश टोप्पो ने अहम भूमिका निभाई.
इस आयोजन ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा की भावना को नया उत्साह प्रदान किया है.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल के एचएमटी कॉलोनी से अज्ञात चोरों ने की बाइक चोरी