संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर शहर के व्यस्त इलाके सदिक मंजिल चौक स्थित 'हिंद बिरयानी' दुकान में रविवार दोपहर अचानक आग लग जाने से भारी नुकसान हुआ है. आग दुकान के किचन शेड में लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में किचन में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है.
गैस पाइप से भड़की आग
दुकान के संचालक मोनू राइन ने बताया कि रविवार की दोपहर दुकान के कर्मचारी किचन में बिरयानी तैयार कर रहे थे. इसी दौरान अचानक गैस के पाइप में आग लग गई. जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते, आग तेजी से पूरे किचन क्षेत्र में फैल गई. आग की लपटें देख दुकान में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया.
कर्मियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आग लगने के तुरंत बाद दुकान के कर्मियों ने साहस दिखाया और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए. काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, जिससे आग को मुख्य दुकान और आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया. हालांकि, इस अगलगी में संचालक को हजारों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक प्रभारी सत्येंद्र दुबे अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान संचालक से घटना के कारणों और हुए नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी ली. पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से आसपास के दुकानदारों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें: तेली मुक्ति धाम मार्ग निरीक्षण, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दिया सहयोग का भरोसा