न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तेंदुआ भगत गांव में बीती रात एक तिलक समारोह के दौरान उस समय अफरा तफरी मच गई जब हर्ष फायरिंग में दो लोग लहूलुहान हो गए. जानकारी के अनुसार नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के शिल्दा खुर्द से करीमन बैठा की बेटी का तिलक आया था. इसी दौरान नशे की हालत में एक पूर्व मुखिया ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली छटक कर वहां मौजूद लोगों को जा लगी. इस हादसे में तिलक कार्यक्रम करा रहे पुजारी के पैर में गोली लगी है जबकि एक अन्य व्यक्ति की पीठ को छूते हुए गोली निकल गई जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए लाइसेंसी हथियार को भी जब्त कर लिया है. आजकल शादी विवाह के आयोजनों में हर्ष फायरिंग करना एक खतरनाक फैशन बन चुका है जो अक्सर खुशी के माहौल में विघ्न डालने का काम करता है. कानूनन इस पर रोक होने के बावजूद लोग अपनी रसूख दिखाने के चक्कर में दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: बेंगाबाद की बेटी अफसाना परवीन ने रचा इतिहास, रांची में हुई सम्मानित