राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: इस्लाम धर्म के पवित्र हज यात्रा के लिए टोरी जंक्शन से सोमवार को हज यात्रियों का पहला जत्था रवाना हुआ. “लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक” की सदाओं के बीच स्टेशन परिसर में भावुक और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला.
हज यात्रियों की रवानगी के दौरान परिजनों और शुभचिंतकों ने फूल-माला पहनाकर और गले लगाकर विदाई दी. सामाजिक कार्यकर्ता सह पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और इस पवित्र यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहरदगा निवासी एवं मांडर प्रखंड के कृषि पदाधिकारी समीउल्लाह अंसारी अपनी पत्नी शिक्षिका यास्मीन खातून के साथ हज यात्रा पर रवाना हुए. वहीं उनके भाई इकबाल हुसैन अंसारी अपनी पत्नी हुमेरा खातून के साथ इस जत्थे में शामिल हैं. सभी यात्री टोरी जंक्शन से गरीब रथ एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां से वे मक्का मुकर्रमा के लिए उड़ान भरेंगे.
स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी. इस दौरान लोगों ने हज यात्रियों से झारखंड, देश की तरक्की, अमन-शांति और आपसी भाईचारे के लिए दुआ करने की अपील की.
अयुब खान ने कहा कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और यह यात्रा इंसानियत, भाईचारे, त्याग और आत्मशुद्धि का संदेश देती है. उन्होंने यात्रियों से समाज और देश में शांति व सौहार्द के लिए दुआ करने का आग्रह किया.
विदाई के दौरान कई परिजनों की आंखें नम दिखीं और पूरे स्टेशन परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा. इस मौके पर शाहिद रजा, बीगन राम, मोजम्मिल अंसारी, बादशाह खान, मेहंदी हसन, अजमल अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे
यह भी पढ़ें: भरनो प्रखंड के दतिया गांव में शादी समारोह में विवाद के बाद युवक की मौत, गांव में आक्रोश और मातम