संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क:- गावां प्रखंड के सुदूर जंगली इलाकों में अवैध माइका खनन के खिलाफ रविवार को भी छापामारी अभियान चलाया गया. इस अभियान का नेतृत्व गिरिडीह डीएफओ मनीष तिवारी कर रहे थे. उपायुक्त के निर्देश पर चलाये गए इस अभियान में लगभग 100 टन से अधिक माइका व ढिबरा जब्त किया गया. जब्त माइका व ढिबरा की कीमत लाखों में बताई जा रही है. विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सुदूर जंगली इलाकों में व्यापक पैमाने पर माइका का उत्खनन जंगली क्षेत्रों में किया जा रहा है. सूचना पर डीएफओ मनीष तिवारी, रेंजर अनिल कुमार व सीओ अविनाश रंजन पुलिस बल के साथ प्रखंड के जमडार, बेलाखुट्टा, हरलाघाटी, नीमाडीह आदि स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान, बेलाखुट्टा में एक घर के पीछे भारी मात्रा में माइका डंप किया हुआ मिला. टीम जब जमडार व हरलाघाटी पहुँची तो वहां भी जंगली क्षेत्र के किनारे व घरों के पीछे भारी मात्रा में माइका डंप कर के रखा गया था. बताया जा रहा है कि इन स्थानों से लगभग सौ टन से अधिक माइका व ढिबरा बरामद किया गया है. टीम के द्वारा जब्त माइका को चार हाइवा समेत ट्रैक्टरों से वन विभाग कार्यालय गावां लाया गया. साथ में खनन में प्रयोग होने वाले उपकरणों छेनी, डफली, बेलचा आदि को भी जब्त किया गया. मामले में डीएफओ मनीष तिवारी ने कहा कि यह क्षेत्र बिहार झारखंड की सीमा पर है. वहीं खदान सड़क से दूर दुर्गम स्थानों पर है. इसके पूर्व भी इन स्थानों में छापामारी की गई थी लेकिन सफलता हाथ नही लगी थी. आज वन विभाग की टीम सीओ व पुलिस बल के साथ छापामारी में काफी सफलता मिली है. भविष्य में भी इस प्रकार का अभियान जारी रहेगा.
ये भी पढ़ेंः- पश्चिम बंगाल: SIR, हुमायूं, वक्फ... क्या बिगाड़ सकता है ममता का खेल?