न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत खेडूआ पंचायत के दरीसोल स्थित नवनिर्मित श्रीराम मंदिर में मंगलवार को तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुए. कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंडप पूजा एवं प्रभु के महाभिषेक से हुई. गर्भगृह में रामलला का विशेष महाभिषेक किया गया तथा प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े वैदिक अनुष्ठान, मंडल पूजा और अन्य धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं. काशी (वाराणसी) से आए विद्वान आचार्यों ने विधि-विधानपूर्वक सूर्य पूजा, गो-पूजा, देवी-देवताओं का आह्वान, संस्कार हवन, वेदपाठ, आरती एवं पुष्पांजलि जैसे धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन किया. पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. इस दौरान श्रद्धालु "जय श्रीराम" और "जय बजरंगबली" के जयघोष के साथ मंडप की ओर बढ़ते रहे तथा पूजा-अर्चना में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया. रात्रि में मंदिर प्रांगण में दो दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ. संकीर्तन में स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और देर रात तक भक्ति रस में डूबकर भगवान श्रीराम के नाम का संकीर्तन किया.