विकास कुमार/न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सोहया पहाड़ स्थित माइंस के गहरे गड्ढे में जमे पानी में बुधवार को डूबे युवक का शव घटना के करीब 25 घंटे बाद गुरुवार को बरामद कर लिया गया. युवक के शव की तलाश को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा था. बताया जाता है कि बुधवार शाम तक शव नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था. बाद में प्रशासनिक पहल पर NDRF टीम बुलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया.
गुरुवार सुबह बिहार के पटना से NDRF की टीम हुसैनाबाद के लिए पहुंची, लेकिन घटना स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर रहने के दौरान ही युवक का शव अचानक पानी के नीचे से ऊपर आकर तैरने लगा. सूचना मिलते ही सुबह से मौके पर कैंप कर रहे अंचल अधिकारी पंकज कुमार और थाना प्रभारी चंदन कुमार माइंस क़े गड्ढे क़े पास पहुंचे तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया.
घटनास्थल पर राजद नेता रवि यादव समेत हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. बड़ी संख्या में लोग NDRF की रेस्क्यू कार्रवाई देखने के लिए जमा हुए थे, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही शव पानी की सतह पर आ गया, जिससे खोज अभियान की आवश्यकता नहीं पड़ी. वही प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुट गयी.
यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन के फैसले का इंतजार, राज्यसभा सीट पर कांग्रेस की नजर