धर्मेंद्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: शनिवार दोपहर झारखंड–पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित बराकर नदी के किनारे पश्चिम बंगाल के आरा डंगाल स्थित हाजी नवी नगर, फाड़ी रोड निवासी करीब 40 वर्षीय युवक मोहम्मद खुर्शीद उर्फ मन्ना का शव बरामद किया गया. शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मृत्यु कुछ दिन पहले हुई होगी. मृतक के भाई मोहम्मद फिरोज ने बताया कि खुर्शीद पेशे से ऑटो चालक थे.
उन्होंने बताया कि पवित्र रमजान माह चल रहा है और उनका भाई पहले शराब का सेवन करता था, लेकिन कुछ दिनों से उसने शराब छोड़ दी थी. परिजनों को आशंका है कि शराब छोड़ने के बाद अचानक प्रेसर बढ़ने के कारण उसकी मौत हो गई होगी.
परिजनों के अनुसार मोहम्मद खुर्शीद पिछले शनिवार से लापता थे. परिजनों और परिचितों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई थी. शनिवार को प्रशासन की ओर से बराकर नदी में एक शव मिलने की सूचना दी गई, जिसकी पहचान बाद में मोहम्मद खुर्शीद उर्फ मन्ना के रूप में हुई. मृतक अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं. सूचना मिलते ही चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल परिजन नदी किनारे मौजूद हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
ये भी पढ़ें- हाजीपुर के ओसी पैलेस में PHED मंत्री संजय सिंह ने लोजपा कार्यकर्ताओं संग खेली फूलों की होली