प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: भरनो प्रखंड के अमलिया पंचायत अंतर्गत वनटोली गांव में कुएं में गिरने से 55 वर्षीय शंकर उरांव की मौत हो गई. शनिवार की सुबह गांव के ही कर्मा उरांव के कुएं में उनका शव तैरता हुआ मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शंकर उरांव बीते मंगलवार की शाम अचानक बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गए थे. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उनकी खोजबीन शुरू की. आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर तलाश की गई,लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका. परिजन लगातार उनकी खोज में जुटे हुए थे.
इधर शनिवार की सुबह वनटोली गांव में मृतक के घर से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित कर्मा उरांव के कुएं में ग्रामीणों ने एक शव को पानी में तैरते हुए देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना भरनो थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही भरनो थाना के सब इंस्पेक्टर मंटू चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया. इसके बाद शव की पहचान लापता शंकर उरांव के रूप में की गई.
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है. शंकर उरांव की मौत किन परिस्थितियों में हुई,यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. बताया जाता है कि मृतक एक गरीब किसान थे. वे खेती-बारी के साथ-साथ ईंट भट्ठे में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी असामयिक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है,वहीं गांव में भी शोक का माहौल है.