प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, अत्याचार और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में रविवार की शाम पांच बजे भारतीय जनता पार्टी बरवाडीह मंडल की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने की. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की.
मौके पर मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक पीड़िता के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म की घटना ने पूरे राज्य को शर्मसार कर दिया है. यह घटना राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. जब पुलिस थाना परिसर में ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि बरवाडीह के प्रसिद्ध प्राचीन पहाड़ी मंदिर स्थित मां पार्वती मंदिर में बीती रात हुई चोरी की घटना भी अत्यंत दुखद और निंदनीय है. धार्मिक आस्था के केंद्र में माता रानी के आभूषणों की चोरी होना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं. भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार से महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने, दोषियों को जल्द सजा दिलाने तथा राज्य की कानून-व्यवस्था को दुरुस्त कर बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि नारी सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है और महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य कन्हाई सिंह, सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी, मंडल उपाध्यक्ष मनोज यादव एवं विवेक कुमार सिंह, महामंत्री प्रवीण कुमार, मंडल मंत्री पवन चौधरी, मीडिया प्रभारी कुंदन कुमार यादव, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष संतोष विश्वकर्मा, नंदलाल प्रसाद, ओमप्रकाश लाल, दिनेश प्रसाद, मनोज पासवान समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान "मुरासु" 3 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट को करेगा पार, झारखंड पर कम ही दिखेगा असर