न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: नगर पंचायत हुसैनाबाद के अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने सोमवार को अपने कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत द्वारा आवंटित दुकानों के व्यावसायिक उपयोग और नियमों के अनुपालन को लेकर प्रशासन का कड़ा रुख स्पष्ट किया. बताया कि नगर पंचायत ने जरूरतमंदों और स्थानीय व्यापारियों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से दुकानों का आवंटन किया था. संज्ञान में आया है कि कुछ आवंटनधारी अपनी दुकानों का स्वयं उपयोग करने के बजाय उन्हें अवैध रूप से ऊंचे किराए पर दूसरों को दे रखे हैं. जो कि पूरी तरह से नियमों के विरुद्ध है. कहा कि यदि नगर पंचायत द्वारा आवंटित किसी भी दुकान को मालिक द्वारा भाड़े पर लगाया गया पाया जाता है. तो नगर पंचायत प्रशासन बिना किसी देरी के उसका आवंटन रद्द कर देगा. इसके बाद उस दुकान को तत्काल प्रभाव से किसी अन्य योग्य और जरूरतमंद व्यक्ति को आवंटित कर दिया जाएगा. कहा कि नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इन सरकारी संपत्तियों का लाभ वास्तव में उन्हीं लोगों को मिले जिन्हें इसकी आवश्यकता है. न कि इसका व्यावसायिक दुरुपयोग किया जाए. उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे नगर पंचायत के नियमों का पालन करें. शीघ्र ही विशेष टीम द्वारा दुकानों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा. नियम का अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: मिडिल-ईस्ट की तरह इनके हाथ-पैर काट डाले.. कानून नहीं मानने वालों के खिलाफ कर्नाटक HC की सख्त टिप्पणी