भरत मंडल/न्यूज़11 भारत
गांडेय/डेस्क: फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक सह पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने सोमवार को गांडेय प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचकर विभिन्न समस्याओं को लेकर भटक रहे लोगों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड और अंचल कार्यालयों में आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए महीनों तक चक्कर लगाना पड़ रहा है, बावजूद इसके समय पर काम नहीं हो रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो फॉरवर्ड ब्लॉक जनहित में आंदोलन करेगा.
राजेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है, लेकिन गांडेय प्रखंड परिसर की व्यवस्था देखकर लगता है कि यहां जनता को ही परेशान किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कार्यालय दिवस पर निरीक्षण के दौरान कई लोग अपनी समस्याएं लेकर मिले. कोरबंधा के ग्रामीण पिछले पांच माह से खतियान की जमीन के कथित फर्जी हुक्मनामा की जांच रिपोर्ट के लिए दौड़ लगा रहे हैं. वहीं रसनजोरी निवासी गुड्डू लाल राणा राशन कार्ड की समस्या और झरघट्टा के अर्जुन कोल, विष्णु कोल समेत अन्य लोग जमाबंदी होने के बावजूद रसीद नहीं कटने से परेशान हैं.
उन्होंने कहा कि महज एक घंटे के दौरान आधा दर्जन से अधिक लोग अपनी शिकायतें लेकर मिले, जिससे स्पष्ट है कि आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो रहा है. प्रशासन को अविलंब व्यवस्था में सुधार करना चाहिए, अन्यथा फॉरवर्ड ब्लॉक आंदोलन के लिए बाध्य होगा. मौके पर गुड्डू लाल राणा, पप्पू रविदास, मनोज रविदास, तालेश्वर रविदास, सालिक रविदास, होरिल रविदास, सुखदेव रविदास, विष्णु कोल, अर्जुन कोल समेत अन्य लोग उपस्थित थे.