संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले की पुलिस ने जनवरी माह में सनसनी फैला देने वाले दोहरे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी चुनमुन चौधरी उर्फ अजित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात की जड़ नशे की लत और लूटपाट थी. 16 जनवरी को चैनपुर थाना क्षेत्र के रैनीबांध तालाब के पास शंकर राम का आंशिक रूप से जला हुआ शव मिला था, जबकि उसी दिन डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के पास करीवा उर्फ छोटू का शव बरामद हुआ था.
₹1300 लूट लेने के बाद कर दी हत्या
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी चुनमुन चौधरी और करीवा ने मिलकर पहले शंकर राम के साथ नशा किया और फिर उससे ₹1300 लूट लिए. पहचान उजागर होने के डर से इन दोनों ने मिलकर पत्थर से कूचकर शंकर राम की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए उसके कपड़ों में आग लगा दी. हालांकि, इस जघन्य अपराध के बाद पैसों के बंटवारे और भेद खुलने के डर से चुनमुन चौधरी ने अपने ही साथी करीवा उर्फ़ छोटू की भी पत्थर से वार कर हत्या कर दी और उसका शव रेलवे पुल के पास झाड़ियों में छिपा दिया. पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक शंकर राम का पर्स, आधार कार्ड और फोटो बरामद कर ली है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: भाजपा के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार पांडेय पहुंचे दिवंगत बिजली मिस्त्री के घर, परिजनों को दिय उचित मुआवजा दिलवाने का भरोसा