न्यूज़11 भारत
हैदराबाद/डेस्क: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त, आधुनिक एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए झारखंड सरकार अब तेलंगाना–हैदराबाद के उन्नत स्वास्थ्य मॉडल को झारखंड में लागू करने जा रही है. यह जानकारी झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दी.
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी की दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व के कारण हैदराबाद आज देश का प्रमुख मेडिकल हब बन चुका है. उसी मॉडल को झारखंड में अपनाकर राज्य के मरीजों को उच्चस्तरीय और सुलभ इलाज उनके अपने राज्य में ही उपलब्ध कराया जाएगा.
सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से जल्द एमओयू
डॉ. अंसारी ने बताया कि हैदराबाद स्थित AIG हॉस्पिटल सहित कई प्रतिष्ठित सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के साथ शीघ्र ही एमओयू (MOU) किया जाएगा. हार्ट, किडनी, कैंसर, बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की अत्याधुनिक सुविधाएं अब झारखंड में ही उपलब्ध होंगी, जिससे राज्य के मरीजों को बाहर जाने की मजबूरी समाप्त होगी.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री से ऐतिहासिक मुलाकात
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी से मुलाकात कर झारखंड में मेडिको सिटी की स्थापना एवं सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों को आमंत्रित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की. मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी ने कहा कि यदि झारखंड सरकार जमीन, बिजली, पानी एवं सुरक्षा उपलब्ध कराए, तो तेलंगाना के प्रमुख मेडिकल समूह झारखंड में निवेश के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन को मिल रही है गति
डॉ. अंसारी ने बताया कि लोकप्रिय मुख्यमंत्री आदरणीय हेमंत सोरेन के निर्देश पर मेडिको सिटी एवं झारखंड भवन (हैदराबाद) के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है, जिसे मार्च माह में उपलब्ध करा दिया जाएगा. तेलंगाना सरकार ने झारखंड भवन के लिए भी भूमि उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान कर दी है.
मरीजों के दर्द से उपजा संकल्प
हैदराबाद प्रवास के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने वहां इलाज करा रहे झारखंड के मरीजों से मुलाकात की. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज भी गंभीर बीमारी से पीड़ित झारखंड के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है. सरकार द्वारा 15–15 लाख रुपये तक की सहायता दिए जाने के बावजूद कई बार अनमोल जीवन नहीं बच पाते, जो अत्यंत पीड़ादायक है. उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था इतनी मजबूत बनाई जाए कि अब राज्य के मरीजों को बाहर न जाना पड़े, बल्कि भविष्य में दूसरे राज्यों के मरीज झारखंड इलाज कराने आएं.
मेडिको सिटी से बदलेगा झारखंड का स्वास्थ्य भविष्य
प्रस्तावित मेडिको सिटी में हर प्रकार के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मेडिकल शिक्षा, अनुसंधान एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी. यह परियोजना झारखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाएगी.
नेतृत्व की सराहना, बढ़ा मनोबल
इस अवसर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी ने झारखंड में हो रहे स्वास्थ्य सुधारों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रयासों की प्रशंसा की. डॉ. अंसारी ने मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी को झारखंड आने एवं प्रस्तावित मेडिको सिटी का निरीक्षण करने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया.
झारखंड बनेगा स्वास्थ्य का नया केंद्र
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार दिन-रात प्रयास कर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत कर रही है और आने वाले समय में झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा.
ये भी पढ़ें- भाजपा प्रदेश चुनाव अधिकारी सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने जारी की प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के चुनाव की समय सारणी