भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड परिसर स्थित सभाकक्ष में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय के तत्वावधान में प्रथम प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक प्रमुख राजकुमार पाठक की अध्यक्षता में हुई. बैठक में आगामी 22 से 24 नवंबर तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई. साथ ही पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर जोर दिया गया.
प्रमुख राजकुमार पाठक ने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए अभियान को सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है. बीडीओ निशात अंजुम और सीओ ओम प्रकाश बड़ाईक ने भी अपने विचार रखे. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अबू काशिफ हसन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग अभियान की तैयारियों में जुटा है. छूटे हुए बच्चों तक भी पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.
बैठक में टीबी उन्मूलन अभियान पर भी चर्चा हुई. संभावित मरीजों की पहचान, समय पर जांच व उपचार तथा जनभागीदारी से टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया. मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मोहन प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: दूरदृष्टि से उद्यमशीलता की ओर: सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में ‘इंद्रप्रस्थ 2026’ का भव्य समापन