संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: छतरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वा में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है, जिसमें एक पक्ष के गणेश साव पर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया. इस खूनी संघर्ष में गणेश साव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है.
पीड़ित गणेश साव का आरोप है कि भूमि विवाद के पुराने रंजिश को लेकर कृष्णमुरारी साव और विजय साव सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने घात लगाकर उन पर हमला बोल दिया. हमलावरों ने क्रूरता दिखाते हुए तलवार और लाठी-डंडों का खुलकर इस्तेमाल किया, जिससे गणेश साव का सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए.
घायल गणेश साव ने विपक्षीगणों पर लूटपाट का भी गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके गले से करीब एक भर वजन की सोने की चेन जबरन छीन ली, जिसकी बाजार में कीमत लगभग एक लाख रुपये है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पीड़ित ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई.
इस घटना के बाद से मड़वा गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पीड़ित पक्ष द्वारा छतरपुर थाने में नामजद लिखित आवेदन देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई गई है.
पुलिस ने शिकायत पत्र के आधार पर मामले को दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की छानबीन में जुट गई है. थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: ज्यादा पैसे नहीं मिले तो प्लास्टर के बाद डॉक्टर ने बच्ची की दोबारा तोड़ी हड्डी, डॉक्टर आरोप को किया खारिज, बताई असल वजह