अमित दत्ता/न्यूज11 भारत
खूंटी/डेस्क: अड़की थाना क्षेत्र के ग्राम तोड़ांग में हुए चर्चित सूरजू मुंडा हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है. पुलिस ने इस कांड में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तारी में चौकाने वाली बात यह रही कि मृतक सूरजू मुंडा का पिता ही उसका हत्यारा निकला. इससे पहले पुलिस हत्या में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी.
हत्या की रात और जांच का सिलसिला
यह घटना 24/25 नवंबर 2025 की रात की है, जब गांव तोड़ांग में 25 वर्षीय सूरजू मुंडा की उसके घर में ही हत्या कर दी गई थी. उसका शव खाट पर पड़ा मिला था और चेहरे पर धारदार हथियार से प्रहार के स्पष्ट निशान थे. सूचना मिलते ही अड़की थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी.
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के पिता सोगल मुंडा पर गहराता गया. पुलिस की सख्त पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर 48 वर्षीय सोगल मुंडा ने अपराध स्वीकार कर लिया. उसने हत्या का कारण पारिवारिक तनाव एवं घरेलू विवाद बताया. हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पारंपरिक हथियार टांगी भी बरामद कर ली गयी है.
कौन थे कार्रवाई में शामिल?
छापेमारी और गिरफ्तारी दल में अड़की थाना प्रभारी पुअनि प्रवीण कुमार तिवारी, मनीष कुमार, अनुसंधानकर्ता विजय कच्छप एवं अड़की थाना का सशस्त्र बल शामिल रहा.
जानिए खूंटी एसडीपीओ वरुण रजक ने क्या कुछ कहा
उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही है. फरार आरोपियों की तलाश जारी थी, जिसमें सफलता मिली है. कानून अपना काम करेगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी.
यह भी पढ़ें: खूंटी में दर्दनाक हादसा, ट्रक में आग लगने से चालक की मौत, खलासी गंभीर रूप से घायल