न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: गर्मी के मौसम और छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने धनबाद से राजस्थान के कोटा (सोगरिया) के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया हैं. यह ट्रेन गोमो, पारसनाथ और कोडरमा के रास्ते चलेगी, जिससे झारखंड और बिहार के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी.
सोगरिया से हर गुरुवार को चलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 09821 सोगरिया-धनबाद स्पेशल ट्रेन 16 अप्रैल से 9 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार को रात 11:10 बजे सोगरिया से रवाना होगी. यह ट्रेन बारां, सलपुरा, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी, मानिकपुर, मिर्जापुर, डीडीयू, भभुआ रोड, डेहरी ऑन सोन, गया, कोडरमा और पारसनाथ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए शुक्रवार रात 1:20 बजे गोमो और शनिवार सुबह लगभग 3:45 बजे धनबाद पहुंचेगी.
धनबाद से हर शनिवार को वापसी
वहीं, ट्रेन संख्या 09822 धनबाद-सोगरिया स्पेशल 18 अप्रैल से 11 जुलाई तक हर शनिवार सुबह 5:15 बजे धनबाद से खुलेगी. यह ट्रेन गोमो होते हुए रविवार सुबह 7:15 बजे सोगरिया पहुंचेगी. यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी, थ्री इकोनॉमी और जनरल क्लास की कुल कई बोगियां जोड़ी गई हैं.
पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन फिर से शुरू
रेलवे ने पटना से चर्लपल्ली के बीच भी सप्ताह में दो दिन स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की हैं. यह ट्रेन भी कोडरमा, पारसनाथ और गोमो के रास्ते संचालित होगी, जिससे झारखंड के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
पटना से दोपहर में रवाना होगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल 8 अप्रैल से 27 मई तक हर सोमवार और बुधवार को दोपहर 3 बजे पटना से खुलेगी. यह ट्रेन तारेगना, जहानाबाद, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो (रात 8:15 बजे) और बोकारो स्टील सिटी (रात 9:20 बजे) सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए आगे रांची, हटिया, राउरकेला, झारसुगड़ा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और नागपुर होते हुए अगले दिन चर्लपल्ली पहुंचेगी.
चर्लपल्ली से भी अलग-अलग दिनों में सेवा
ट्रेन संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 15 अप्रैल से हर बुधवार रात 11 बजे खुलेगी और शुक्रवार सुबह पटना पहुंचेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 10 अप्रैल से हर शुक्रवार रात 9 बजे रवाना होकर रविवार सुबह पटना पहुंचेगी. इन ट्रेनों में भी जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी की पर्याप्त बोगियां जोड़ी गई हैं.
यह भी पढ़े: Homemade Sunscreen: अब धूप से नहीं जलेगी स्किन! रसोई की चीजों से बनाएं नेचुरल सनस्क्रीन, जानिए 5 आसान तरीके