बिरसा मुंडा एयरपोर्ट

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ILS और PAPI का सफलतापूर्वक फ्लाइट कैलिब्रेशन

रांची एयरपोर्ट के CNS प्रभारी अविनाश सोरेंग के नेतृत्व में CNS टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई.

By : Ark Sahuliyar
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर ILS और PAPI का सफलतापूर्वक फ्लाइट कैलिब्रेशन

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क:
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की फ्लाइट इंस्पेक्शन यूनिट (FIU) द्वारा एयरपोर्ट के CNS अधिकारियों के सहयोग से इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) तथा PAPI का सफलतापूर्वक फ्लाइट कैलिब्रेशन किया गया. इस दौरान रांची एयरपोर्ट के CNS प्रभारी अविनाश सोरेंग के नेतृत्व में CNS टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई.

CNS (Communication, Navigation and Surveillance) विभाग हवाई यातायात के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. यह विभाग विमान और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के बीच संचार, विमानों को सही दिशा एवं मार्गदर्शन प्रदान करने तथा रडार जैसी प्रणालियों के माध्यम से विमानों की निगरानी सुनिश्चित करता है.

ILS (Instrument Landing System) एक महत्वपूर्ण प्रणाली है, जो विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतारने में पायलटों की सहायता करती है. यह पायलटों को रनवे की सही दिशा में विमान लाने तथा उचित ऊंचाई और कोण से लैंडिंग करने के लिए आवश्यक संकेत प्रदान करती है.

ILS के दो प्रमुख भाग हैं:

* लोकलाइजर (Localizer): विमान को रनवे की सीध में रखने में मदद करता है.
* ग्लाइड पाथ (Glide Path): विमान को सही ऊंचाई और कोण से रनवे की ओर नीचे आने में मदद करता है.

इसके अतिरिक्त, PAPI रनवे के किनारे लगी विशेष लाइटों के माध्यम से पायलटों को यह संकेत देती है कि विमान सही ऊंचाई पर उतर रहा है या नहीं.

फ्लाइट कैलिब्रेशन के दौरान विशेष विमान के माध्यम से इन प्रणालियों के संकेतों और कार्यक्षमता की जांच की जाती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ये पायलटों को सही और विश्वसनीय जानकारी प्रदान कर रही हैं.

विशेषकर कम दृश्यता और खराब मौसम की परिस्थितियों में ILS सुरक्षित लैंडिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. नियमित फ्लाइट कैलिब्रेशन से इन प्रणालियों की सटीकता एवं विश्वसनीयता बनी रहती है, जिससे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षित एवं सुचारु हवाई परिचालन सुनिश्चित करने में मदद मिलती है.