न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान आईआईटी आईएसएम में आज शनिवार सुबह एक छात्र की 8वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है. छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी जांच की जा रही है.
छात्र की पहचान महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी 25 वर्षीय माने राज कुमार प्रतीक के रूप में हुई है. वह आईआईटी आईएसएम में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष का छात्र था.
जानकारी के अनुसार, घटना संस्थान की एक्वामरीन बिल्डिंग में हुई. छात्र के गिरने की सूचना मिलने के बाद संस्थान प्रशासन को जानकारी दी गई और उसे इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आईआईटी आईएसएम के चीप सिक्योरिटी ऑफिसर राम मनोहर ने बताया कि यह दुर्घटना है या आत्महत्या, इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य धनबाद पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं. वहीं, छात्र के शव को फिलहाल अशर्फी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: अंधविश्वास की हद पार! दो घंटे पहले जन्मी बच्ची की बलि देने की कोशिश, ग्रामीणों ने बचाई जान