न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी में बढ़ती रैश ड्राइविंग और हालिया आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आज वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा गोपनीय कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित शहरी क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी, ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे.
बैठक के दौरान रैश ड्राइविंग एवं स्टंट ड्राइविंग पर रोक लगाने, शहर में सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने तथा हाल में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा कर उनके शीघ्र उद्भेदन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
निर्णय लिया गया कि रात्रि के समय अनियंत्रित एवं संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी. इसके लिए प्रमुख सड़कों पर स्लाइडर और जिग-ज़ैग बैरिकेडिंग लगाई जाएगी तथा इंटरसेप्टर वाहन तैनात किए जाएंगे. संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए भी पदाधिकारियों को विशेष टास्किंग दी गई है. संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी और निरुद्ध करने हेतु सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब और सख्ती बरती जाएगी.
ये भी पढ़ें- DGP नियुक्ति प्रक्रिया पर Supreme Court की अहम टिप्पणी, राज्यों और UPSC को दिशा-निर्देशों के पालन का निर्देश