न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है. राजधानी के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की इस वारदात में करीब 40 लाख रुपये के जेवरात, नगदी और कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई है.
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि चोरों ने उस सामान को भी नहीं बख्शा, जिसे परिवार ने अपनी बेटी की शादी के लिए बड़े अरमानों से जुटाकर रखा था. शादी के जेवरात, कीमती बर्तन और दुल्हन के दूसरे सामान तक चोर समेट ले गए. पूरा परिवार बिहार गया हुआ था और इसी दौरान चोरों ने बंद घर में धावा बोल दिया.
एक महीने से बंद था घर
राजधानी रांची के सुखदेव नगर में चोरी की इस बड़ी वारदात ने एक परिवार की खुशियों पर गहरा आघात किया है. जानकारी के मुताबिक, परिवार पिछले करीब एक महीने से घर बंद कर बिहार गया हुआ था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर को निशाना बनाया. दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे अपराधियों ने घर के कोने-कोने को खंगाल डाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए. चोरों की बेखौफ करतूत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने घर में रखे जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान के साथ-साथ बेटी की शादी के लिए खरीदे गए बर्तन और दुल्हन के सामान तक को नहीं छोड़ा. जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां चोरों ने तबाही के निशान छोड़ दिए. अलमारियों और सामान को अस्त-व्यस्त कर चोर लाखों की संपत्ति लेकर निकल गए.
वारदात की जानकारी स्थानीय लोगों ने फोन कर परिवार को दी. घर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सुखदेव नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. अब पुलिस के सामने चोरों का पता लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी की चुनौती है. परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी और बेटी की शादी के लिए रखे सामान को निशाना बनाने वाले अपराधियों को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: BBMKU के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए राज्यपाल, जयराम महतो को भी मिलेगी PhD की डिग्री