न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू आज बुधवार को रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.
रांची पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए के राजू ने राज्य में चल रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रक्रिया से संतुष्ट नहीं है. पार्टी की कोशिश है कि एसआईआर के दौरान एक भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटे. इसी मुद्दे को लेकर आज कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के कार्यालय जाकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात करेगा.
वहीं, के राजू ने राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर भी बड़ी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नवंबर महीने के तीसरे सप्ताह में राहुल गांधी झारखंड आएंगे.
दिल्ली में आयोजित रैली में झारखंड कांग्रेस की भागीदारी पर प्रदेश प्रभारी ने खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उम्मीद से ज्यादा संख्या में झारखंड के कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे. केंद्रीय नेतृत्व ने भी झारखंड की भागीदारी की सराहना की है.
इसे भी पढ़ें: बड़गाईं जमीन घोटाला: बिनोद कुमार सिंह को हाईकोर्ट से बड़ा झटका! क्रिमिनल रिवीजन याचिका ख़ारिज