न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने हाई कोर्ट की नई वेबसाइट समेत छह डिजिटल सुविधाओं की शुरुआत की. इस अवसर पर उन्होंने सभी सिविल कोर्ट में ऑनलाइन प्रमाणित प्रति के लिए आवेदन की सुविधा शुरू की. मुख्य न्यायाधीश ने हाई कोर्ट और सिविल कोर्ट के लिए iOS मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया. इसके अलावा पर्सनलाइज्ड कॉज लिस्ट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित ‘सुप्रीम टुडे’ के नए संस्करण और ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट सॉफ्टवेयर किट का भी शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह भी शामिल हुए. इस दौरान न्यायिक व्यवस्था के डिजिटलीकरण और आम लोगों तक न्याय की पहुंच आसान बनाने पर जोर दिया गया.
अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि झारखंड आना उनके लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि शुरू की गई सभी डिजिटल सुविधाओं का एक ही उद्देश्य है- न्याय को सरल बनाना. इससे केवल झारखंड हाई कोर्ट ही नहीं, बल्कि सिविल कोर्ट और आम लोगों को भी लाभ मिलेगा.
CJI सूर्यकांत ने कहा कि झारखंड हाई कोर्ट की नई वेबसाइट उपयोगकर्ता के अनुकूल है. नए कार्यों में एकाग्रता, सावधानी और सटीकता की आवश्यकता होती है. तकनीक के माध्यम से अदालतों के फैसलों और मसौदा दस्तावेजों की तुलना करना आसान हो सकता है, जिससे एक ही काम को बार-बार करने की आवश्यकता कम होगी. उन्ह्होने कहा कि तकनीक का उद्देश्य पारंपरिक न्यायिक व्यवस्था को सहयोग देना होना चाहिए. इसका इस्तेमाल कानूनी जानकारी खोजने और न्यायिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन इससे न्यायपालिका की स्वतंत्रता और उसकी मूल कार्यप्रणाली प्रभावित नहीं होनी चाहिए.