प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: सिसई विधानसभा क्षेत्र के विधायक जिग्गा सुसारन होरो ने गुरुवार को विधानसभा सत्र के दौरान गुमला जिले के भरनो और कामडारा प्रखंड स्थित सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों एवं नर्सों की कम उपस्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से इस दिशा में ठोस और स्थायी पहल करने की मांग की.विधानसभा में अपनी बात रखते हुए विधायक होरो ने कहा कि सिसई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भरनो एवं कामडारा अस्पतालों की स्वास्थ्य व्यवस्था लचर हो गई है. अस्पतालों में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की नियमित उपस्थिति नहीं होने से मरीजों को समय पर समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है.दूर-दराज के ग्रामीण बड़ी उम्मीद के साथ अस्पताल पहुंचते हैं,लेकिन डॉक्टरों की अनुपस्थिति से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है.उन्होंने आसन के माध्यम से सरकार से मांग की कि अस्पतालों में डॉक्टरों और नर्सों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए,ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके.साथ ही स्वास्थ्य विभाग से इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया.
विधानसभा में यह मुद्दा उठाए जाने के बाद भरनो और कामडारा प्रखंड सहित पूरे सिसई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है.ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी,जिसे विधायक ने गंभीरता से सदन में उठाकर आमजनों की आवाज को मजबूती दी है.ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सरकार एवं संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई कर अस्पतालों की व्यवस्था दुरुस्त करेंगे,जिससे मरीजों को राहत मिल सके और क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो सकें.
यह भी पढ़ें: देवघर: जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश