विकास कुमार/न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: मध्य प्रदेश के सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक के हुसैनाबाद आगमन पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अजय प्रसाद गुप्ता ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया. इस अवसर पर विधायक को रामायण, श्रीमद्भागवत गीता तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. इस दौरान विधायक रामनिवास साहू ने अजय प्रसाद गुप्ता के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे कर्मठता और ईमानदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि हुसैनाबाद आकर उन्हें खुशी हुई तथा श्री चारधाम मंदिर परिसर में आयोजित श्री शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन है. ऐसे अनुष्ठानों से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण बनता है.विधायक ने कहा कि उनके लिए सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अजय प्रसाद गुप्ता को राजनीति से जुड़े कई अनुभव साझा करते हुए जनता के बीच लगातार रहने, उनके सुख-दुख में सहभागी बनने तथा संगठन की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की सलाह दी.इस अवसर पर झारखंड-बिहार के प्रसिद्ध भोजपुरी गायक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.