आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट सीनियर महिला T 20 टूर्नामेंट के एक महत्वपूर्ण लीग मुकाबले में सिमडेगा सीनियर महिला टीम ने खूंटी सीनियर महिला टीम को 54 रनों से करारी शिकस्त दी.
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सिमडेगा की टीम हर विभाग में अव्वल रही. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिमडेगा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 130 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. टीम की जीत की मुख्य सूत्रधार कप्तान सोनिया रहीं, जिन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों की बरसात करते हुए मात्र 49 गेंदों में 67 रनों की आतिशी पारी खेली. उनकी इस पारी में 10 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. सोनिया के अलावा अरुषि गोदियाल और गोल्डी सिंह ने भी 21-21 रनों का संयमित योगदान दिया, जिससे टीम एक मजबूत स्कोर तक पहुँच सकी. जवाबी पारी खेलने उतरी खूंटी सीनियर महिला टीम की शुरुआत धीमी रही और वे सिमडेगा की सधी हुई गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आईं. खूंटी की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 76 रन ही बना सकी और मैच 54 रनों से गंवा दिया.
गेंदबाजी में सिमडेगा की पिंकी बड्याकर ने बेहद किफायती स्पेल डाला. उन्होंने अपने 3 ओवरों में मात्र 5 रन खर्च कर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. अलीना खान और तनिष्का बैरागी ने भी 1-1 विकेट लेकर खूंटी के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा.
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब कप्तान सोनिया को मिला. जबकि बेस्ट बॉलर का खिताब पिंकी बड्याकर को मिला.मैच में अंपायर की भूमिका अभिषेक और हेमंत ठाकुर ने निभाई.
यह भी पढ़ें: सिल्ली: मैथेमेटिक्स ओलिंपियाड परीक्षा में संत माईकल+2 स्कूल, मूरी के बच्चों का उम्दा प्रदर्शन