न्यूज़11 भारत
बालूमाथ/डेस्क: बालूमाथ में स्वतंत्र भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई. इस अवसर पर बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा के नेतृत्व में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया.
मैराथन में थाने के कई पुलिस पदाधिकारियों के साथ स्कूली बच्चों, आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. दौड़ सुबह बिरसा मैदान से शुरू होकर बालूमाथ मुख्य मार्ग और शहीद चौक सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बालूमाथ थाने में संपन्न हुई.
इस दौरान थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है. उन्होंने युवाओं से कानून के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों को समझने की अपील की.
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द को मजबूती मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई. मौके पर पुलिस अवर निरीक्षक देवेंद्र कुमार, धीरज कुमार सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप गंझू सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और क्षेत्र के आम नागरिक उपस्थित रहे.