न्यूज़11 भारत
धनबाद/डेस्क: धनतेरस और दीपावली के मद्देनज़र बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए धनबाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है. एसएसपी श्री प्रभात कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रमुख बाजारों, मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार गश्त और निगरानी सुनिश्चित की जा रही है.
इसी क्रम में कल मंगलवार को डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय ने बैंक मोड़, पुराना बाजार एवं सरायढेला थाना क्षेत्र का दौरा कर पैदल गश्त करते हुए
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न ज्वेलरी शॉप, मॉल, इलेक्ट्रॉनिक शॉप एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए वहां की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया.
डीएसपी महोदय ने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया तथा संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को दीपावली तक विशेष चौकसी बरतने, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
त्योहार के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क है. पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि धनतेरस और दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.
इसे भी पढ़ें: पंडरा थाना क्षेत्र में COTPA कानून का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई, काटा गया चालान; सिगरेट जब्त