न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की आईपीएल की तर्ज पर एक बार फिर आयोजित हो रही झारखंड प्रीमियर टी-20 लीग की नीलामी में झारखंड के स्टार क्रिकेटर रोबिन मिंज पर सबसे बड़ी बोली लगी है. कोयलांचल सुपर किंग्स ने उन पर 15,2500 रुपये की बोली का दांव लगाया है. ‘झारखंड प्रीमियर लीग’ के लिए होटल वेब इंटरनेशनल होटल में यह नीलामी पूरी हुई. पांच टीमों के बीच 10 जून से शुरू हो रहे जेपीएल के लिए इस नीलामी में जमकर पैसों की बारिश हुई. लेकिन गुमला के युवा विकेट कीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज नीलामी में सबसे आगे निकल गये. जिन पर 15 लाख रुपये से भी अधिक बोली लगी है.
इसके बाद जमशेदपुर के कप्तान विराट सिंह पर छोटानागपुर रॉयल्स ने 13 लाख रुपये की बोली सील की. कौनैन कुरैशी इसके बाद रहे, जिन पर जमशेदपुर स्टीलर्स ने 12.50 लाख की बोली लगाई. शिखर मोहन को रांची टाइटंस ने 11 लाख में खरीदा. युवा तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा को धनबाद डायमंड्स ने 11 लाख रुपये में खरीदा. हैरत की बात रही कि आईपीएल में गुजरात टाइटन्स का हिस्सा रहे कुमार कुशाग्र ऑक्शन में अनसोल्ड’ रहे.
सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को संथाल स्ट्राइकर्स ने उनके 4 लाख के बेस प्राइस से ऊपर बढ़कर 6.25 लाख रुपये में खरीदा. पश्चिमी सिंहभूम के ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को जमशेदपुर स्टीलर्स ने बेस प्राइस 4 लाख रुपये में ही अपनी टीम से जोड़ा. वहीं हजारीबाग के ऑलराउंडर उत्कर्ष सिंह पर कोयलांचल सुपर किंग्स ने 6.25 लाख रुपये का दांव लगाया.
